शिरोमणि अकाली दल से टूट पर अलग हुए अकाली दल सुधार लहर के नेताओं ने नई पार्टी बनाने के संकेत दिए हैं। शनिवार को सुधार लहर के नेताओं ने चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में इसका फैसला लिया गया है। नेताओं के अनुसार अगर शिरोमणि अकाली दल कार्यकारिणी समिति अकाल तख्त के 2 दिसंबर के आदेश का पालन करने में विफल रहती है तो वे मार्च में होने वाले होला मोहल्ला के बाद एक राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। नेताओं ने चंडीगढ़ में पूर्व सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा के आवास पर एक बैठक के बाद यह घोषणा की। बैठक में गुरप्रताप वडाला, जागीर कौर, प्रेम सिंह चंदू माजरा, परमिंदर ढींडसा, सुरजीत सिंह रखड़ा, सरवन सिंह फिल्लौर, सुरिंदर सिंह भुल्लेवाल राठान, सतविंदर सिंह तोहरा, चरणजीत सिंह बराड़ सहित अन्य शामिल हुए। सुखबीर बादल के इस्तीफा मंजूर करने की मां सिखों की सर्वोच्च धार्मिक पीठ श्री अकाल तख्त ने अपने निर्देशों में वरिष्ठ शिअद नेता सुखबीर बादल, पूर्व अकाली मंत्रियों और इसकी कोर कमेटी के सदस्यों को 2007-17 तक पार्टी के 10 साल के शासन के दौरान धार्मिक कदाचार का दोषी ठहराया था। शिअद कार्यसमिति को 3 दिन के भीतर पार्टी प्रमुख पद से बादल का इस्तीफा स्वीकार करने के लिए कहा गया। साथ ही नामांकन अभियान चलाने के लिए एक पैनल बनाने के लिए भी कहा गया। पिछले साल असंतुष्ट शिअद नेताओं ने सुधार लहर की शुरुआत की थी। जिसमें पार्टी प्रमुख के रूप में बादल के इस्तीफे की मांग की गई थी और शिअद के संगठनात्मक ढांचे में सुधार की वकालत की गई थी। वडाला बोले- होला मोहल्ला के बाद लिया जाएगा फैसला बैठक के बाद वडाला ने कहा- हमें संगठन बनाने की कोई जल्दी नहीं है। होला मोहल्ला के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। तब तक हमने यह सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है कि अकाल तख्त के हुक्मनामे का पालन किया जाए। वडाला ने आगे कहा- हमारा पहला कदम माघी मेले से पहले कुछ बैठकें आयोजित करना है। हम अकाली दल के उन सभी कैडर से संपर्क करने की कोशिश करेंगे जो अकाल तख्त के हुक्मनामे का पालन न करने के लिए मुख्य नेताओं से नाखुश हैं। वे सिख बुद्धिजीवियों को साथ लेने के लिए तीन सम्मेलनों की एक श्रृंखला आयोजित करेंगे।


