भिलाई के सुपेला क्षेत्र में वार्ड 10 आदर्श पारा निवासी लवकुश पाण्डेय ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लवकुश पॉलिटेक्निक कॉलेज का स्टूडेंट था। उसने फांसी क्यों लगाई इसका पता नहीं चल पाया है। सुपेला पुलिस मामले की जांच कर रही है। लवकुश के मामा ने बताया कि लवकुश घर में सबसे छोटा था। उससे बड़ा उसका एक भाई मनीष बीटेक कर रहा है और बहन है। उसके पिता सुनील पाण्डेय ड्राइवर का काम करते हैं। मां हाउस वाइफ है। शनिवार शाम 6 बजे वो घर में बैठा था। फिर खाना खाया और अंदर से निकल गया। थोड़ी देर बाद लवकुश की मां कुसुम घर के पीछे बोर चालू करने के लिए गई। वहां उन्होंने देखा की परछी में लवकुश की लाश फांसी पर लटक रही है। मां ने शोर मचाया तो घर के बाकी लोग तुरंत पहुंचे। उन्होंने देखा कि रस्सी के जरिए फंदा बनाकर उसने फांसी लगा ली है। इसके बाद उन लोगों ने सुपेला पुलिस को फोन किया। सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद उसे पीएम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मरचुरी में भेजा। रविवार को उसका पोस्टमार्टम होगा। इधर उसकी मौत के बाद उसके भाई बहन और माता पिता की हालत खराब है। परिजनों का कहना नहीं पता चला खुदकुशी का कारण लवकुश के मामा का कहना है कि उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। घटना की शाम भी वो खुश था और घर में सबसे अच्छे से बात किया। खुद शाम को खाना मांगा और खाया। उनका कहना है कि उसका बाहर भी किसी लड़की से कोई प्रेम प्रसंग नहीं है। ऐसे में उसने इतना बड़ा कदम कैसे उठाया इसका पता किसी को नहीं है।


