मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने शुक्रवार को जीरापुर के पोलाखेड़ा गांव पहुंचकर हरिओम सोंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिजनों से मिलकर उन्हें अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। पंवार ने कहा कि ऐसे घिनौने अपराध करने वाले समाज के दुश्मन हैं और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार का भरोसा दिलाया कि घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़ी है। इस मौके पर खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, जिला महामंत्री अमित शर्मा, पूर्व विधायक पुरसिंह पंवार, विष्णु सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि और गांव के लोग भी मौजूद रहे। 9 दिसंबर को हुआ थी हत्या गौरतलब है कि 9 दिसंबर की शाम 6 बजे जीरापुर इलाके की सिरसोई कॉलोनी में बाइक सवार हरिओम सोंधिया पर तीन आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार है, हरिओम टीवीएस फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।


