धौलपुर में फल मंडी में आग लगने से 8 व्यापारियों की दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की घटना से सभी व्यापारियों का करीब 80 लाख रुपए का फल जलकर खाक हो गया। फल मंडी के अध्यक्ष मोहम्मद शहीद उस्मानी ने बताया कि आग लगने से मंडी में रखा चीकू, कन्नू, सेब, अमरुद, पाइनएप्पल, पपीता आदि फलों की क्रेट जलकर खाक हो गई। जिनकी कीमत 80 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आने से रियाजुद्दीन, राजू, मंगल मुल्लाजी, अमजद, गुड्डू सईद, हाजी असगर और शाहरुख की दुकान पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। सुबह 3 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिलने पर सभी व्यापारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के देरी से पहुंचने की वजह से दुकानों में रखा पूरा फल जलकर खाक हो गया। फल मंडी अध्यक्ष ने बताया कि इससे पूर्व 17 जुलाई 2022 को भी फल मंडी में आग लगी थी। जिससे करीब 40 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पीड़ित व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। फल मंडी अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में लगी आग का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। ऐसे में दूसरी बार आग लगने की घटना को व्यापारी साजिश के तौर पर देख रहे हैं।


