श्योपुर शहर के वार्ड क्रमांक-14 के निवासियों ने हनुमान मंदिर पर किए गए कथित अवैध कब्जे को लेकर बुधवार को थाना प्रभारी को एक आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वार्डवासियों ने शिकायत में बताया कि लकमी बैरवा नामक व्यक्ति की ओर से मंदिर परिसर में जबरदस्ती तार फेंसिंग लगाकर बाउंड्री की जा रही है, जिससे मंदिर की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस अवैध अतिक्रमण का विरोध भी किया, लेकिन कब्जाधारी ने इसे हटाने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित व्यक्ति के पास मंदिर परिसर पर किसी भी प्रकार का स्वामित्व या वैध दस्तावेज नहीं है। इसके बावजूद वह दबंगई के बल पर जमीन घेरने का प्रयास कर रहा है। हनुमान मंदिर से अवैध कब्जा हटाने की मांग निवासियों के अनुसार, गुरु कोमल किन्नर के आश्रम के पास स्थित यह हनुमान मंदिर उनके वार्ड का प्रमुख आस्था स्थल है। यहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना के साथ कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। मंदिर की पवित्रता और खुले परिसर के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते-जाते हैं। आवेदन में वार्ड के लोगों ने स्पष्ट किया है कि मंदिर उनकी श्रद्धा का केंद्र है और इस प्रकार का अतिक्रमण धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए हनुमान मंदिर से अवैध कब्जा हटवाया जाए, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव न बढ़े और मंदिर परिसर पूर्ववत खुला रहे। इस आवेदन पर वार्ड के मनोज प्रजापति, विनोद राय, राजेश सिंह, सूरज प्रजापति, चंद्रकला प्रजापति, रामप्रसाद मीणा, सतीश, फूला, आशा सहित अन्य रहवासियों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर उनकी समस्या का समाधान करेगा।


