MLA अटल बोले-बिलासपुर में धान खरीदी में अनियमितता:एक तरफ अवैध धान की बिक्री दूसरी तरफ किसानों में हाहाकार, कहा- 21 की जगह ले रहे 14 क्विंटल धान

बिलासपुर जिले के कोटा विधायक और कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन पर हमला बोला है। उनका कहना है कि जिले में एक तरफ धान की खरीदी में धांधली और अनियमितता बरती जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ केंद्रों में किसानों में हाहाकार मचा है। राज्य शासन के निर्देश के बाद भी जिले में 21 क्विंटल की जगह केवल 14 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। वहीं, कोटा क्षेत्र के दारसागर केंद्र में धान की खरीदी ही शुरू नहीं की गई है। धान खरीदी में किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में बड़े पैमाने पर धान की अवैध खरीदी हो रही है। जिले में बिचौलिए सक्रिय हैं, जिनकी अधिकारियों और खरीदी केंद्र प्रभारियों से मिलीभगत है। केंद्रों में दूर-दराज से आने वाले किसान टोकन लेकर पहुंच रहे हैं, देरी होने के कारण उन्हें देर रात तक तौलाई कराने के लिए खड़े रहना पड़ रहा है। जिससे किसानों में आक्रोश है। बेलगहना मंडी के बजाए दारसागर में हो खरीदी
उन्होंने कहा कि धान खरीदी में अव्यवस्था के चलते किसानों को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक दिक्कतें हो रही है। क्षेत्र के किसान किसी भी हाल में बेलगहना मंडी में धान नहीं बेचना चाहते। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कलेक्टर से मिलकर इस पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि दारसागर समिति में धान खरीदी केंद्र बनाया गया है, लेकिन धान की खरीदी नहीं की जा रही है। 20 किलोमीटर दूर जाने की मजबूरी
विधायक ने कहा कि कोटा विधानसभा क्षेत्र के दारसागर सेवा सहकारी समिति में कुल 6 ग्राम पंचायत और 15 गांव शामिल हैं। लेकिन, हैरानी की बात यह है कि इन गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर बेलगहना धान मंडी जाना पड़ रहा है। बेलगहना मंडी पहले से ही 25 गांवों की जिम्मेदारी संभाल रही है, जहां हर साल 1 लाख 25 हजार क्विंटल से ज्यादा धान खरीदी होती है। ऐसे में इन किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, प्रशासन ने की छापेमारी, दो लाख का धान जब्त
दूसरी तरफ जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने दो स्थानों पर छापा मारकर 2.13 लाख रुपए मूल्य का अवैध धान जब्त किया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मंडी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्व विभाग के नेतृत्व में खाद्य और मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। टीम ने दो संस्थाओं से कुल 172 बोरी धान बरामद किया है। इसका वजन लगभग 69 क्विंटल है। मस्तूरी के गतौरा में एक व्यापारी से 112 बोरी और बेलतरा के सलका निवासी अशोक कुमार कश्यप के पास से 60 बोरी धान बरामद किया गया। जिले में अब तक अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन के कुल 25 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन सभी प्रकरणों से लगभग 25 लाख रुपए मूल्य का 813 क्विंटल धान बरामद किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *