पवन ऊर्जा पंखों से केबल चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार:चौकीदारों से मारपीट कर झोपड़ी में बैठाए रखा था, पंखे के अंदर से चुराई थी कॉपर केबल

धमोतर थाना पुलिस ने पवन ऊर्जा पंखों से कॉपर केबल चोरी और चौकीदारों से मारपीट के गंभीर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया गया है। इससे पहले, 29 नवंबर को एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका था। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और उपाधीक्षक छोटीसादड़ी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में ये कार्रवाई की गई। धमोतर थानाधिकारी घीसूलाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने इस मामले की जांच की। ये घटना 18 नवंबर की रात को ग्राम चुनाघाटी स्थित विंडमिल लोकेशन नंबर 18 पर हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने वहां तैनात सुरक्षा गार्डों पर पत्थर, दातड़ा, लाठियों और कटर से हमला किया। आरोपियों ने पवन ऊर्जा पंखे के अंदर लगी कॉपर केबल काट ली और उसे चोरी कर लिया। बदमाशों ने चौकीदारों से मारपीट की और उन्हें पास की एक झोपड़ी में बैठाए रखा। इस दौरान, जब अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, तो बदमाशों ने उनके वाहनों पर भी पत्थरबाजी की। उन्होंने कैम्पर और स्कॉर्पियो वाहनों के शीशे तोड़ दिए और पावर पैनल में भी तोड़फोड़ की। इस संबंध में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर 29 नवंबर को आरोपी भूरालाल डिंडोर निवासी रामपुरिया, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया था। उसकी सूचना पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया गया। इसके बाद, साइबर सेल की सहायता से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कालूराम डिंडोर निवासी मुंगथली, थाना गढ़ी, जिला बांसवाड़ा, रकमलाल चरपोटा निवासी बोरदा, थाना सरवन, जिला रतलाम और सुनील चरपोटा निवासी खुंटडिया, थाना दानपुर, जिला बांसवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *