टायर फटने के कारण अमरूद से भरी पिकअप सीकरी मोड़ पर पलट गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया और लाखों के अमरूद सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि ड्राइवर और सहयोगी सुरक्षित बच गए। सीकरी मोड़ पर देर रात पलटी अमरूदों से लदी पिकअप दौसा जिले से गुजरने वाले जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। मानपुर थाना क्षेत्र के सीकरी मोड़ के पास अमरूदों से भरी पिकअप अचानक पलट गई। पिकअप इतनी जोर से गिरी कि उसके आगे-पीछे दोनों तरफ नुकसान हुआ और हाईवे पर टायरों के निशान रह गए। टायर फटने से हुआ हादसा, अमरूद के कार्टन बिखरे पुलिस ने बताया कि पिकअप सवाई माधोपुर से आगरा जा रही थी। रास्ते में सीकरी मोड़ के पास अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही पिकअप में भरे अमरूद के कार्टून हाईवे पर फैल गए और सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। लाखों रुपए का माल नुकसान हो गया। हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने कराया यातायात सुचारू हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मानपुर थाना पुलिस पहुंची और पिकअप को हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने देर रात तक हाईवे साफ करवाने का काम किया ताकि वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सके। ड्राइवर और सहयोगी सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं सबसे राहत की बात रही कि हादसा भीषण होने के बावजूद ड्राइवर और उसका सहयोगी दोनों सुरक्षित रहे। उन्हें किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल आए थे। फिलहाल क्षतिग्रस्त पिकअप को हटाया जा चुका है और हाईवे पूरी तरह खोल दिया गया है।


