देश-दुनिया में पहचान बनाने वाले कालबेलिया डांस और इसकी ड्रेस को लेकर राजस्थान में नया विवाद शुरू हो गया है। जैसलमेर के कई रिसोर्ट में इस ड्रेस को पहनकर अश्लील गानों पर डांस किया जा रहा है। इतना ही नहीं कालबेलिया डांस के नाम अश्लीलता के साथ टूरिस्ट को शराब परोसी जा रही है। इसे लेकर कालबेलिया समाज ने विरोध करना शुरू कर दिया है। आरोप लगाया है कि लड़कों को कालबेलिया समाज की ड्रेस पहनाकर डांस करवाया जा रहा है। समाज की महिला कलाकारों ने इसे बंद करने की मांग की। साथ ही चेताया कि चाहे इसे धमकी समझे या हमारा निवेदन, ये बंद नहीं हुआ तो कानूनी कार्रवाई होगी। पढि़ए कहां से शुरू हुआ ये विवाद.. टूरिस्ट बढ़ाने के लिए अश्लील डांस, सोशल मीडिया पर प्रमोशन दरअसल, दिसंबर से लेकर फरवरी जैसलमेर में टूरिस्ट सीजन माना जाता है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने यहां बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं। कुछ रिसोर्ट में यहां कालबेलिया डांस होता है, जो इसी समाज की कम्युनिटी की ओर से किया जाता है। पिछले कुछ महीने से सोशल मीडिया पर जैसलमेर के समय में बने कुछ रिसोर्ट द्वारा कलाकारों के अश्लील डांस वीडियो शेयर किए जा रहे है। कई वीडियो में लड़कों को लड़की बनाकर डांस करवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ समाज की लड़कियां भी है जो इस तरह के डांस काे प्रमोट कर रही है। इसी से कालबेलिया समाज की कलाकार में नाराजगी है। समाज का कहना है कि कालबेलिया ड्रेस और डांस के नाम अश्लील डांस, गंदे इशारे, और हाथों से शराब परोसने की हरकतें एक तरह का मुजरा है, जिसका कालबेलिया कला से कोई रिश्ता नहीं है। इनका कहना था कि इसे लेकर पहले भी इन्हें चेतावनी दे चुके थे लेकिन इसके बाद भी फॉलोवर्स बढ़ाने और पैसों के लिए कालबेलिया समाज की ड्रेस और इसके डांस को बदनाम किया जा रहा है। कालबेलिया ड्रेस में अश्लील डांस, लोगों हाथों से पिला रहे है शराब जैसलमेर में दिसंबर में टूरिस्ट आना शुरू हो जाएंगे। ऐसे में बुकिंग के लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के वीडियो शेयर किए जा रहे है। एक वीडियो में कलाकार ने कालबेलिया कम्युनिटी की ड्रेस पहन रखी और हाथ में शराब की बोतल है। सामने बैठे टूरिस्ट को डांस करते हुए शराब पिलाई जा रही है। इतना ही नहीं डिप्रेशन भगाने और पैसों के नाम पर अश्लील डांस के वीडियो बनाकर शेयर कर यहां के टूरिज्म को प्रमोट किया जा रहा है। अब जानें क्या है कालबेलिया डांस, पद्मश्री भी मिल चुका पारंपरिक कालबेलिया नृत्य अपनी गरिमा, तेजी, और सांप की तरह लयबद्ध गति (नागिन डांस) के लिए जाना जाता है। जिसे देखने के लिए दुनिया भर से कला प्रेमी जैसलमेर आते है। यह नृत्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कालबेलिया समुदाय की पहचान, इतिहास और आजीविका का आधार है। यूनेस्को ने 2010 में इसे विश्व की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल कर इसे वैश्विक सम्मान दिया था। इसके साथ ही जानी-मानी कालबेलिया डांसर गुलाबो सपेरा को साल इस डांस को विश्व में लोकप्रिय बनाने के लिए 2016 में पद्मश्री से पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस डांस को बीन, डफरी, खंजरी, मोरचंग और ढोलक जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट के साथ किया जाता है। महिला कलाकार बोलीं- इस संस्कृति को पद्मश्री मिला है, ऐसे डांस करने वालों को शर्म आनी चाहिए कालबेलिया डांसर खातू सपेरा बोलीं- कालबेलिया डांस और ड्रेस ये हमारे समुदाय को विरासत में मिली है। जितने भी डांसर है उनसे निवेदन है कि ये ड्रेस पहनकर लड़के या लड़की ये कपड़े पहनकर गंदे डांस न करें। यदि आपको कालबेलिया डांस करना है तो इसका मान-सम्मान रखे। मुझे 30 से 35 साल कालबेलिया डांस करते हुए है। विदेशी भी इस डांस को सीख रहे है। आप हमारे राजस्थान के होकर डांस और ड्रेस का इस्तेमाल इस तरह से कर रहे है जो मंजूर नहीं है। यदि आप प्यार से समझते है तो ठीक है नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस ड्रेस को पहनकर शराब की बोतलों के साथ आइटम सॉन्ग कर रहे हैं वो इसे न करें। काफी लड़कियां भी इस तरह से डांस कर रहे है। इस संस्कृति को पद्मश्री मिला है। ऐसा कुछ भी न करे, जिससे हमें अच्छा न लगे। आशा सपेरा ने कहा- कुछ लोग इस ड्रेस को पहनकर अपनी मर्यादा तोड़ रहे है। जिस ड्रेस से आपको पहचान मिली है और रोजी-रोटी चल रही है उसी को बदनाम किया जा रहा है। कालबेलिया समाज की बेटियों को कहना चाहती हूं कि इस ड्रेस को पहनकर यदि अश्लीलता फैलाई तो कानूनी कार्रवाई होगी। कुछ लड़के भी इस ड्रेस को पहनकर आइटम सॉन्ग कर रहे है। आपको शर्म आनी चाहिए कि आप इस ड्रेस को पहनकर इस तरह से डांस कर रहे है। लोग हम पर उंगली उठा रहे है। आप सुधर जाइए, यदि ऐसा हुआ तो कानूनी कार्रवाई होगी। मीना सपेरा ने भी इस पर आपत्ति जताई। वे बोलीं- वे कालबेलिया ड्रेस पहनकर फिल्मी गानों पर डांस कर रहे है। आप दूसरी ड्रेस पहन लीजिए लेकिन इसे यूज न करें। इसी ड्रेस से हमारी पहचान है और विदेशों तक इस ड्रेस ने पहचान बनाई है। ये रिक्वेस्ट या धमकी समझ लो। हमने कभी इस ड्रेस में किसी मूवी के सॉन्ग पर डांस नहीं किया। वीडियो पुराने, मगर दी गई सख्त हिदायत- पुलिस इस मामले पर जैसलमेर पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच और प्रतिक्रिया दी है। जैसलमेर पुलिस के सीओ सिटी रूप सिंह इंदा ने बताया- ‘हमने इस मामले की जांच की है और पाया है कि वायरल हो रहे ये वीडियो पुराने है। अभी ऐसा कुछ नहीं चल रहा है। लेकिन, हमने फिर भी रिसॉर्ट प्रबंधन और संबंधित लोगों को स्पष्ट हिदायत दे दी है कि वे भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत न करें, जिससे स्थानीय संस्कृति और कानून व्यवस्था प्रभावित हो। वे बोले- मामला यदि खुलेआम शराब परोसने का, तो हम आबकारी विभाग से इस संबंध में विस्तृत जानकारी लेंगे। यदि यह पाया जाता है कि रिसोर्ट में बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है तो जैसलमेर पुलिस और आबकारी विभाग दोनों मिलकर नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करेंगे। क्यों फेमस है सम और यहां की टेंट सिटी जैसलमेर की सैम टैंट सिटी केवल लग्जरी आवास तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थानी संस्कृति, रोमांचक गतिविधियों और राजस्थानी खाने का पैकेज टूरिस्ट को दिया जाता है। इसके साथ ही यहां की कैमल राइड, सम की टीलों पर एडवेंचर एक्टिविटी और सन सेट खास माना जाता है। शाम के बाद यहां के रिसोर्ट में कालबेलिया डांस होता है। इसमें राजस्थानी कल्चर को दिखाया जाता है। 15 दिसंबर के बाद यहां टूरिस्ट की संख्या बढ़ती जाती है। खासतौर पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान यहां काफी भीड़ रहती है।


