इंदरगढ़ कॉलेज में एमएससी परीक्षा में नकल, वीडियो आया:दतिया में किताब से पेज फाड़ते दिखे छात्र; दो दिन पहले 5 पर हुई थी कार्रवाई

दतिया के इंदरगढ़ नगर के कामद रोड स्थित शासकीय पीजी कॉलेज में चल रही एमएससी परीक्षाओं में नकल का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार दोपहर लगभग 11 बजे कॉलेज परिसर में हालात का जायजा लेने पर यह साफ दिखा कि छात्र-छात्राएं परीक्षा हॉल के बाहर और अंदर खुले तौर पर नकल सामग्री का आदान-प्रदान कर रहे थे। कुछ विद्यार्थी तो कक्षा के बाहर खड़े होकर पन्ने फाड़ते और गाइड से नोट्स निकालते हुए कैमरे में कैद हो गए। यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने परीक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। दो दिन पहले ही कॉलेज में उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई की थी और कुल 5 नकल प्रकरण दर्ज किए थे। टीम ने सोमवार को महाविद्यालय पहुंचकर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया था। उस दौरान कई छात्र-छात्राएं चिट (चिट्ठी) के पन्ने, पूरी गाइड और किताबें लेकर नकल करते हुए पकड़े गए थे। टीम के लौटते ही नकल की गतिविधियां फिर उसी खुलेपन के साथ शुरू हो गईं। आपस में पर्चे बांटते दिखे स्टूडेंट्स
बुधवार को मिले दृश्य और भी चौंकाने वाले थे। कॉलेज के बाहर गलियारे में कुछ विद्यार्थी आपस में पर्चे बांटते दिखाई दिए। सीसीटीवी कैमरों में यह सब रिकॉर्ड भी हो रहा था, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई त्वरित रोकथाम नहीं दिखी। छात्रों का कहना था कि निगरानी केवल तब होती है जब उड़नदस्ता आता है, उसके जाने के बाद परीक्षा फिर पुराने अंदाज में ही चलती रहती है। यहां उल्लेखनीय है कि शासकीय महाविद्यालय में इस समय अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं। कॉलेज में लगभग 120 छात्र-छात्राएं एमएससी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इतने बड़े स्तर पर परीक्षार्थियों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा और अनुशासन संबंधी व्यवस्थाएं बेहद कमजोर दिखाई दीं। लगातार सामने आ रही नकल की घटनाओं ने परीक्षा की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *