पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर में एक हैंडलूम स्टोर से युवक द्वारा मोबाइल फोन और नकदी चोरी किए जाने की घटना सामने आई है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं, जिनके आधार पर थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा शहर में गुरुद्वारा चुल्ला साहिब के नजदीक नेहरू मार्केट में हैंडलूम स्टोर चलाने वाले राकेश मित्तल अपनी दुकान के ऊपर बने वॉशरूम में गए हुए थे। इसी दौरान, कुछ ही सेकंड में एक युवक दुकान में घुस आया। आरोपी दुकान से एक मोबाइल फोन और गल्ले में रखी करीब 10 से 15 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की तश्वीर पड़ोस की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी कोटकपूरा में एक सरकारी बैंक में एक युवक पैसे जमा कराने आए व्यक्ति के 20 हजार रुपए चोरी कर ले गया था, जिसका अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पलक झपकते ही दुकानों से हो रही है चोरियां-दुकानदार इस मामले में पीड़ित दुकानदार राकेश मित्तल ने बताया कि शहर में पहले भी इस तरह की कई घटनाएं पेश आ चुकी हैं, जिसमें पलक झपकते ही दुकान से चोरी हो जाती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए।


