बारां कांग्रेस कमेटी की ओर से कोटा के गढ़ेपान स्थित चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (CFCL) के बाहर धरना दिया। यूरिया सप्लाई की मांग को लेकर अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने कहा- सीएफसीएल में होने वाले उत्पादन पर पहला हक बारां के किसानों का बनता है, जबकि वर्तमान में कारखाने से हुआ उत्पादन पूरे देश भर में सप्लाई किया जा रहा है। अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने आगे कहा- राजस्थान के अन्य जिलों में सप्लाई किया जा रहा है और बारां को वंचित रखा जा रहा है। ऐसा नहीं चलेगा। भाया ने कहा- सीएफसीएल में 8-9 साल पहले भी गैस रिसाव हुआ। बारां जिले के 30 से ज्यादा लोग घायल हुए। जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा। इस कारखाने का खामियाजा बारां जिले की जनता भुगतती है। धरने में अंता विधायक प्रमोद जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, निर्मला सहरिया, बारां कांग्रेस के पदाधिकारी किसान शामिल हुए। यूरिया की सप्लाई पहले बारां जिले में होने चाहिए
भाया ने कहा- जब सीएफसीएल कारखाने का प्रदूषण खमियाजा बारां जिले के किसान व आम जनता उठा रही है। तो कारखाने से होने वाले प्रोडक्शन पर भी पहला हक बारां के किसानों का बनता है। यूरिया की सप्लाई पहले बारां जिले में होने चाहिए, फिर हाड़ौती के अन्य जिलों व राजस्थान और देशभर में होनी चाहिए। हमारी मांग है कि आज से ही बारां जिले की सप्लाई सीएफसीएल बढ़ाए, जहां से सरकार ने आवंटन किया है वहां से भी सप्लाई तुरन्त आए। अगर सप्लाई नही आती है तो सीएफसीएल के बाहर स्थायी रूप से मजबूर होकर हमको आमरण अनशन पर बैठना पढ़ेगा। उसकी पूरी जिम्मेदारी सीएफसीएल के प्रबंधकों व राजस्थान सरकार की होगी।


