चूरू शहर के वार्ड 58 में दिनदहाड़े एक दुकान पर बैठी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला दुकानदार से चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर बाद की है। 60 वर्षीय बिस्मिल्लाह अपनी दुकान में बैठी थीं। दो युवक बाइक पर पहुंचे, जिनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था और दूसरा नकाबपोश था। ये दोनों बदमाश सुबह भी दुकान पर आए थे और सिगरेट के बहाने आसपास घूमते देखे गए थे। दोपहर बाद वे दोबारा दुकान पर पहुंचे। एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर दुकान के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा सिगरेट मांगने के बहाने महिला के पास चला गया। जैसे ही महिला का ध्यान हटा, नकाबपोश युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से ढाई तोले की सोने की चेन तोड़ ली। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। एसआई किशनाराम और हेड कॉन्स्टेबल सुभाषचंद्र पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वार्ड पार्षद मोहम्मद खालिद और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।


