मऊगंज जिले की हनुमना पुलिस ने रेप और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपी प्रवीण कुमार कुशवाहा उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोन गांव से पकड़ा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वह घटना के बाद कई महीनों से फरार था। पीड़िता ने जून 2025 में की थी शिकायत थाना प्रभारी अनिल काकड़े के अनुसार, 18 जून 2025 को पीड़िता ने हनुमना थाने में रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जब वह घर में अकेली थी, तभी प्रवीण कुशवाहा जबरदस्ती घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरन संबंध बनाए और उसके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। शादी के बाद भी आरोपी उसके मोबाइल व वॉट्सऐप पर कॉल कर संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा और वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। पति को भेजा वीडियो, दी जान से मारने की धमकी रिपोर्ट के अनुसार, 9 जून 2025 को आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो उसके पति को भेज दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से मदद मांगी। कई धाराओं में केस, लंबे समय से फरार था आरोपी पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 64(2)(F), 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67, 67A के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार, 3 दिसंबर 2025 को पुलिस ने कोन गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में एसपी दिलीप कुमार सोनी, एएसपी विक्रम सिंह और एसडीओपी सची पाठक के निर्देशन में हनुमना पुलिस टीम ने भूमिका निभाई।


