नरसिंहपुर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ईगल क्लो’ के तहत गाडरवारा थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 7 किलो 338 ग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बिना नंबर की बाइक, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई है, जिसकी कुल जब्ती राशि लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है। गाडरवारा एसडीओपी रत्नेश मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि 2 दिसंबर की दोपहर पुलिस टीम ने डमरूघाटी रोड स्थित मजार के पास एक संदिग्ध बाइक को रोका था। तलाशी के दौरान बाइक सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपए कीमत का गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलजीत सोहल और सुनील बैन के रूप में हुई है। बलजीत सोहल पश्चिम बंगाल का निवासी है, जबकि सुनील बैन जबलपुर का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


