प्रतापगढ़ में जिला कलेक्टर अंजलि राजोरिया ने बुधवार देर शाम जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई अव्यवस्थाएं मिलीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ओपीडी सहित अन्य चिकित्सा सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर प्रणाली को सख्ती से लागू करने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। हालांकि, कम स्टाफ होने के बावजूद मरीजों को उपचार में सही सुविधा मिलने पर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल परिसर की कई खिड़कियों और शौचालय क्षेत्र के आसपास गुटखा के दाग देखकर कलेक्टर ने असंतोष जताया। शौचालयों में गंदा पानी भरा होने पर उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को तत्काल सफाई सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी व्यवस्था बनाने को कहा। उन्होंने परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और सभी संवेदनशील स्थानों पर “कृपया यहां न थूकें” जैसे स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और नए टेंडर की प्रक्रिया को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक राजकुमार जोशी सहित अन्य मेडिकल एवं प्रशासनिक स्टाफ मौजूद रहा।


