विश्व दिव्यांग दिवस पर श्रीगंगानगर में दिव्यांगजनों के प्रति जागरूकता के लिए रैली निकाली गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और सक्षम संस्था के संयुक्त तत्वावधान मे निकली इस जागरूकता रैली में सैकड़ों दिव्यांग बच्चे-युवा और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। रेलवे स्टेशन से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी पार्क पहुंची। रास्ते में शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया। लोग तालियां बजाकर दिव्यांगजनों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। विधायक जयदीप बिहाणी, एसपी डॉ. अमृता दुहन, महिला जिला आयाम प्रमुख (सक्षम) रितु सिंह, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष (सक्षम) गुरमीत महल, सरोज खाटीवाल, महेश पेड़ीवाल सहित अनेक लोगों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में तपोवन, जगदम्बा, मानसी, नवचेतना, सक्षम और जुबिन जैसी सामाजिक संस्थाओं के बच्चों ने हिस्सा लिया। संबोधन में विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा- दिव्यांग शारीरिक रूप से असक्षम होते हैं, लेकिन दिव्यांगता अभिशाप नहीं है। व्यक्ति मानसिक रूप से दिव्यांग हो सकता है, लेकिन शारीरिक रूप से कभी दिव्यांग नहीं होता। इन बच्चों में इतनी क्षमता है कि ये समाज को नई दिशा दे सकते हैं। हमें इन्हें मुख्यधारा में लाना है। महिला जिला आयाम प्रमुख रितु सिंह ने कहा- श्रीगंगानगर जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर दिव्यांग जागरूकता रैली का आयोजन हुआ है। ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में लाने और आमजन में जागरूकता फैलाने के लिए बेहद जरूरी हैं। जब तक समाज दिव्यांगों को समान दृष्टि से नहीं देखेगा, तब तक सच्ची समावेशी विकास की बात अधूरी रहेगी। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी दिव्यांग कल्याण के लिए इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।


