सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज शाम अंबेडकर चौराहे पर विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने सहभागिता करते हुए दोपहिया चालकों को सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया। अभियान की सबसे खास बात रही पुलिस कर्मियों द्वारा यमराज की अनोखी प्रस्तुति। इनके माध्यम से लोगों को बताया गया पिछले 3 वर्षों में सड़क दुर्घटना में जो मौतें हुईं, जिनमें से ज्यादातर हेलमेट न पहनने के कारण हुई। यमराज की प्रतीकात्मक शैली में हेलमेट पहनकर नियमों का पालन करने वाले चालकों के नाम ‘बहीखाते’ से काटे गए और उन्हें फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट पकड़े गए चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई और मौके पर ही ISI मार्क वाले हेलमेट उपलब्ध कराए गए। साथ ही बिना सीट बेल्ट, बिना बीमा, बिना HSRP जैसे अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने कहा—“अभी हम प्यार से समझा रहे हैं, लेकिन अब इस मुहिम को और तेज़ किया जाएगा। सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर नागरिक की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए हेलमेट पहनना न सिर्फ नियम है, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है।” पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने कहा—“हेलमेट आपकी ही नहीं, आपके पूरे परिवार की सुरक्षा है। पुलिस प्रशासन यह अभियान निरंतर सख़्ती और जागरूकता दोनों के साथ आगे बढ़ाएगा। बहुत जल्द जिले में ई-चालान कैमरा व्यवस्था भी प्रारंभ की जाएगी।” समापन पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्थल पर उपस्थित सभी नागरिकों को हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई।


