छात्राओं का प्रदर्शन, शिक्षिका पर गंभीर आरोप:होस्टल अधीक्षिका का प्रभार न देने की मांग, आयुक्त ने दी जानकारी

मंडला जिले के कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में बुधवार को छात्राओं और उनके पालकों ने गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन किया। उन्होंने बैगा बैगी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और फिर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय तक रैली निकाली। रैली के दौरान छात्राओं ने शिक्षिका सिंधिया चौकसे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन सौंपा। उनकी मुख्य मांग थी कि सिंधिया चौकसे को छात्रावास अधीक्षिका का प्रभार न दिया जाए। ज्ञापन में छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षिका प्रतिदिन देर से आती हैं, केवल एक से डेढ़ घंटे तक ही उपस्थित रहती हैं, छात्राओं से अशोभनीय भाषा में बात करती हैं और स्टाफ व गार्ड से भी विवाद करती हैं। इन आरोपों पर आदिवासी आयुक्त वंदना गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शिक्षा परिसर में दो अधीक्षिकाएं, प्रतिभा मरावी और सिंधिया चौकसे, तैनात हैं, लेकिन उनके बीच सामंजस्य की कमी है। पहले प्रभार प्रतिभा मरावी को दिया गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय का फैसला सिंधिया चौकसे के पक्ष में आया है। गुप्ता ने यह भी बताया कि पूर्व मामलों सहित पूरी नस्ती डिप्टी कमिश्नर को भेज दी गई है, जहां से इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनजातीय छात्रावासों में केवल जनजातीय अधीक्षिका को ही नियुक्त करने का प्रावधान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *