शाजापुर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान दो सटोरियों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई थी। दरअसल, 2 दिसंबर 2025 को शाजापुर के कमरदीपुरा निवासियों ने पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपकर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने अवैध गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। गिरफ्तार आरोपियों में ज्योतिनगर, लालघाटी निवासी कमल पिता कैलाशचंद्र परमार और शिवनगर, सारंगपुर (हाल महुपुरा) निवासी साकिर खां पिता कदीर खां शामिल हैं। इन दोनों के खिलाफ सट्टा अधिनियम की धारा 4-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। तीसरे आरोपी कमरदीपुरा, शाजापुर निवासी शकील पिता शेख समद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126, 135(3), 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने थाना क्षेत्र में अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में चरस, गांजा, जुआ और सट्टा जैसी किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार निगरानी बनाए रखेगी।


