हरदा में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सुखरास निवासी सुरेश पुनासे (56) अपने ममेरे भाई अखिलेश धापकारी (45, निवासी ग्राम रन्हाई) के साथ हंडिया के रेवा आश्रम गए थे। वे सुरेश के बेटे डॉ. जितेंद्र पुनासे की आगामी 10 दिसंबर को होने वाली शादी की पत्रिकाएं बांटने गए थे। बुधवार शाम को वापस लौटते समय सुकनी नदी के पास उनकी बाइक को एक वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों का इलाज जारी है और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है।


