मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले RPF के हेड कॉन्स्टेबल की छत्तीसगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रायगढ़ में आरपीएफ पोस्ट के भीतर ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में एक आरपीएफ जवान ने अपने ही हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा पर गोली चला दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाला हेड कॉन्स्टेबल एस. लादेर जांजगीर-चांपा के भाटापारा का रहने वाला है। बताया गया कि दोनों बैचमेट थे और उनकी ड्यूटी रात में लगी थी। सुबह करीब 4 बजे किसी बात को लेकर विवाद हुआ और एस लादेर ने पीके मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई। देखिए मौके की 5 तस्वीरें… OHE पेट्रोलिंग से लौटे थे हेड कॉन्स्टेबल मिश्रा
हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा रायगढ़ से किरोड़ीमल तक OHE पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। रात में पेट्रोलिंग करके थाना पहुंचे थे। आरोपी लादेर टेलीफोन अटेंड ड्यूटी पर था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। थाने के कोने में रखी पिस्टल से लादेर ने हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा के सिर पर 4 गोलियां दाग दी। मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हेड कॉन्स्टेबल पी खलखो और जीपी यादव प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने आरपीएफ के उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट को किया गया सील
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, अभी आरपीएफ पोस्ट को सील कर दिया गया है और किसी को भी भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है। बिलासपुर आईजी मुनव्वर खुर्शीद भी RPF पोस्ट पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। वहीं थाने के दरवाजे बंद कर भीतर अधिकारी जांच कर रहे हैं। किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। मृतक के परिजन अंदर ही हैं। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। आरपीएफ पोस्ट में सुबह से अफरा-तफरी मची थी
RPF पोस्ट के पास अपनी दुकान चलाने वाले श्याम सरकार के मुताबिक उन्होंने गोली चलने की आवाज तो नहीं सुनी, लेकिन सुबह लगभग 6 बजे उन्हें पोस्ट में हुई घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सुबह पोस्ट में हड़कंप मचा हुआ था। दोनों बैचमेट थे, 2001 में एक साथ जॉइनिंग की थी
जानकारी के मुताबिक हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा और एस. लादेर एक ही बैच के थे। दोनों ने 2001 में आरपीएफ जॉइन किया था। इनके बीच दोस्ती भी थी। मृतक पीके मिश्रा करीब साढ़े 3 साल पहले अनूपपुर से ट्रांसफर होकर रायगढ़ गए थे। मृतक पीके मिश्रा अपनी पत्नी और बेटी के साथ रायगढ़ में रहते थे। बेटा हैदराबाद में पढ़ाई कर रहा है। वहीं, आरोपी लादेर अपनी पत्नी और एक बेटे के साथ यहां रह रहा था। दो बेटा-बेटी जांजगीर के भाटापारा में रहते हैं।


