इंदौर के मांगलिया में मंगलवार देर रात एक इनोवा कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में घर के बाहर खेल रही 6 साल की मासूम की मौत हो गई। बुधवार को अंतिम संस्कार से पहले लोगों ने क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम खत्म किया गया। मांगलिया की लवकुश कॉलोनी में कार नंबर MP09 BC 1888 ने 6 लोगों को टक्कर मारी थी। इसमें 6 साल की भाग्यश्री की मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। यह गाड़ी अवैध शराब के कारोबार से जुड़े सुनील परिहार की बताई गई है। पुलिस ने उसके यहां दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। उधर, बुधवार को पुलिस ने हिट एंड रन का केस दर्ज किया। भाग्यश्री के परिजनों और रहवासियों ने बुधवार दोपहर एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते करीब दो घंटे तक ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। मौके पर एसडीओपी प्रशांत भदौरिया, टीआई शिप्रा जीएस महोबिया और तहसीलदार विकास रघुवंशी पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर जाम खत्म करवाया। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार रात ही दो लोगों को हिरासत में लिया था। मौके पर मौजूद भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई भी कर दी थी।


