टीकमगढ़ में हत्या की घटनाओं की जांच के लिए रविवार को पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। एसपी मनोहर मंडलोई की उपस्थिति में जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इस दौरान हत्या के मामले की सीन ऑफ रिक्रिएशन एक्सरसाइज कराई गई। एसपी ने बताया कि जांच के लिए विशेष 6 टीमों का गठन किया गया। पुलिस लाइन में रखी गई रिक्रिएशन एक्सरसाइज में हत्या के घटना स्थल का सीन तैयार किया गया। जांच के लिए विवेचना टीम, एफएसएल टीम, साइबर टीम, गिरफ्तारी टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। एसपी ने टीमों को हत्या के घटना स्थल पर पहुंच कर स्पॉट को सुरक्षित करने के निर्देश दिए। साथ ही घटना स्थल पर एविडेंस और फिंगर प्रिंट को सुरक्षित करने, साइबर और सीसीटीवी का इस्तेमाल, डॉग स्क्वायड का किस प्रकार सही तरीके से विवेचना में उपयोग करना है। इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद गिरफ्तारी पार्टी को किस प्रकार कार्य करना है, इस बारे में भी दिशा निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान एएसपी सीताराम, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, एफएसएल अधिकारी प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक विशाल मालवीय, साइबर सेल प्रभारी मयंक नगाइच, फिंगर प्रिंट अधिकारी सहित जिले के समस्त थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।


