मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने ग्राम कोलवा, लील्दा एवं पाड़लिया मारू में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, सरोवर निर्माण, पौधारोपण, वाटरशेड कार्य, डैम एवं गौशाला संचालन की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। ग्राम कोलवा में कलेक्टर ने हितग्राही रमेश सूर्यवंशी के प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। रमेश ने बताया कि नए आवास मिलने से उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है और उनकी बेटी की शादी भी इसी घर में संपन्न हुई। कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए आवास निर्माण की गुणवत्ता की प्रशंसा की। मनरेगा और वाटरशेड कार्यों की सराहना
ग्राम कोलवा में मनरेगा के तहत नंदन फलोद्यान में सीताफल के पौधे लगाए गए हैं। वहीं वाटरशेड विकास परियोजना के अंतर्गत वृक्षारोपण और कंटूर निर्माण कार्य किए गए हैं। कलेक्टर ने इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कंटूर निर्माण से सिंचाई की सुविधा बढ़ी है, जिससे किसान अब दो की जगह चार फसलें ले पा रहे हैं। साथ ही इससे भूजल स्तर भी बढ़ा है। गोशाला में 140 गायों की देखभाल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने श्री श्याम कुटिया गौशाला का भी दौरा किया, जहाँ 140 गौवंश की देखभाल की जा रही है। उन्होंने ग्राम सचिव को निर्देश दिए कि गौशाला को मिलने वाली राशि समय पर जारी की जाए तथा पशुपालन विभाग के डॉक्टर नियमित रूप से पशुओं की जांच और उपचार सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने गोबर खाद संग्रहण स्थल का भी निरीक्षण किया। कृषक सुविधा केंद्र से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश
ग्राम कोलवा में निर्मित कृषक सुविधा केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिक से अधिक किसानों को इस केंद्र से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें कम दर पर कृषि उपकरण उपलब्ध हो सकें। केंद्र से जुड़े स्व-सहायता समूहों से चर्चा की और उनके द्वारा संचालित गतिविधियों—राशन दुकान संचालन, दूध उत्पादन, पशुपालन, मध्यान्ह भोजन—की सराहना की। साथ ही आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर और डैम का निरीक्षण
ग्राम लील्दा में कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गांव के किनारे निर्मित डैम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जल समिति के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाकर डैम के जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। पाड़लिया मारू में वाटरशेड डैम का निरीक्षण
पाड़लिया मारू ग्राम पंचायत के अंतर्गत खंडेरिया मारू गांव में वाटरशेड विकास योजना के तहत निर्मित डैम का भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने पानी संचयन की स्थिति को देखा और बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। कलेक्टर के इस दौरे के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।


