तड़पता रहा मरीज, डॉक्टरों ने नहीं दिया उपचार:अलीगढ़ के शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल पर लगे आरोप, गृहक्लेश से तंग आकर खाया था जहर

अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने बुधवार को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ खाने के कारण उसकी हालत खराब हो गई और वह तड़पने लगा। गंभीर हालत में परिजन उसे लेकर आगरा रोड स्थित शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल (रूसा) पहुंचे।
यहां से उसे मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि रुपए न होने के कारण गंभीर मरीज को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। परिवार के लोग रोते बिलखते रहे और डॉक्टरों से इलाज की भीख मांगते रहे, लेकिन स्टाफ नहीं पसीजा। जिसके बाद परिजन मरीज को जिला अस्पताल पहुंचे। गृहक्लेश के बाद खाया था जहर
मडराक थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी जगदीश प्रसाद ने बुधवार को गृहक्लेश के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उनके मौसी के बेटे रोहित कुमार ने बताया कि उनके घर में समारोह था और परिवार के लोग वहीं गए थे। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो सभी जगदीश को लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे।
उनके घर के सबसे नजदीक शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल ही था। मरीज को जल्दी उपचार मिल सके, इसके लिए वह सीधे अस्पताल पहुंचे, लेकिन रुपए न होने के कारण डॉक्टरों ने उपचार नहीं दिया। 20 मिनट तक गंभीर मरीज को भर्ती नहीं किया गया और उन्हें वहां से जाने को कह दिया गया। दवाइयों के नहीं थे रुपए
मरीज के मौसी के बेटे रोहित ने बताया कि जब वह अपने भाई को लेकर अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने दवाई का पर्चा दे दिया। लेकिन उनके पास दवाइयों के रुपए तुरंत जमा करने के लिए रुपए नहीं थे। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि वह इलाज शुरू करें, जिससे मरीज की जान बचाई जा सके।
परिवार के लोग पीछे से आ रहे हैं और उनके आते ही वह रुपए जमा कर देंगे। लेकिन हॉस्पिटल स्टाफ उनसे अभद्रता करने लगा और वहां से जाने के लिए कह दिया। काफी देर तक परिवार के लोगों और हॉस्पिटल स्टाफ के बीच बहस होती रही, लेकिन मरीज को उपचार नहीं दिया गया। मेडिकल कालेज में जारी है उपचार
शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल में उपचार नहीं मिलने पर परिवार के लोग जगदीश को लेकर मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया और हालत गंभीर होने के कारण उसे जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां मरीज का इलाज जारी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रिय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। उधर इस संबंध में सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी का कहना है कि अभी किसी ने शिकायत नहीं की है। अगर लिखित शिकायत आती है जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *