गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल कमड़े द्वारा 19 जनवरी को स्कूल परिसर में श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए स्कूल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर आमंत्रण दिया। स्कूल प्रबंधन समिति के सचिव परमजीत सिंह ने उन्हें बताया कि श्री अखंड पाठ के भोग के बाद दीवान सजेगा। उन्हें 12.30 बजे पहुंचने के लिए आमंत्रण दिया गया है। दीवान में शबद कीर्तन किया जाएगा और कथावाचकों द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला जाएगा। दीवान की समाप्ति पर गुरु का अटूट लंगर भी होगा। मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष रणजीत सिंह हैप्पी, झारखंड सिख फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, सेक्रेटरी परमजीत सिंह, हरजीत सिंह, ऋषि छाबड़ा, तविंदर सिंह, गुरनाम सिंह और सोनू सिंह शामिल थे।


