खरगोन जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत कसरावद और महेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं का काम पूरी तरह डिजिटाइज कर लिया गया है। दोनों क्षेत्रों में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है, हालांकि 3013 मतदाताओं की पिछले साल की सूची से मैपिंग नहीं हो पाई। जिले की बाकी चार विधानसभाओं में भी 95% से अधिक कार्य हो चुका है। कलेक्टर भव्य मित्तल ने अच्छे काम के लिए दोनों क्षेत्रों के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और बीएलओ टीम की प्रशंसा की। कसरावद निर्वाचन क्षेत्र में कुल 253 मतदान केंद्र हैं और यहां 253 बीएलओ ने घर-घर सर्वे किया। कुल 2,43,795 मतदाताओं में से 2,34,426 के फॉर्म डिजिटाइज किए गए। बाकी मतदाता या तो मौजूद नहीं थे, दूसरे स्थान पर चले गए या उनकी मृत्यु हो चुकी थी। यहां 1340 मतदाताओं की पिछले साल की सूची से मैपिंग नहीं हो पाई है। महेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 252 मतदान केंद्र हैं और यहां भी 252 बीएलओ ने सर्वे पूरा किया। कुल 2,32,262 मतदाताओं में से 2,22,332 के दस्तावेज डिजिटाइज किए गए। अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं के फॉर्म शामिल नहीं किए गए। इस क्षेत्र में 1673 मतदाताओं की 2023 सूची से मैपिंग नहीं हो सकी। प्रशासन का कहना है कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा ताकि नई मतदाता सूची समय पर तैयार हो सके।


