जोधपुर में पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए मिशन संकल्प अभियान चला रही है। टीम ने पिछले एक माह में 27 कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए DCP वेस्ट राजर्षी राज ने बताया कि इस अभियान के तहत पुलिस ने 3 जनवरी से अब तक 14 मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 9 किलो से अधिक डोडा पोस्त, 6 किलो के करीब गांजा, 609 ग्राम अफीम का दूध, 150 ग्राम MD और 10 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामद अवैध मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। जिला वेस्ट में 5 जनवरी से ड्रोन से सर्वे, डॉग स्क्वायड, घुड़सवार आदि की मदद से कार्रवाई करते हुए एरिया डोमिनेशन किया गया। जिसमें 47 टीमों के 251 सदस्यों ने 163 स्थानों पर दबिश दी। जिसमें 6 मामले एनडीपीएस एक्ट, 2 आबकारी, 1 जुआ एक्ट के तहत दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मिशन संकल्प के तहत वेस्ट जिले के अलग-अलग स्थान में 27 मामले दर्ज कर 28 मुलजिम को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 542 ग्राम MD, 19 ग्राम स्मैक, 34 किलो गांजा, 188 किलो अवैध डोडा, 2 किलो 820 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया गया। जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ 90 लाख रुपए है। मेडिकल स्टोर का लाइसेंस होगा निरस्त इधर नशीली दवाइयों को बेचने को लेकर भी पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर औषधि विभाग को पत्र लिखा गया। इसके आधार पर पाल रोड जोधपुर के हनुमान नगर के रुद्राक्ष मेडिकल, मुख्य सालावास रोड सांगरिया बासनी की ॐ विष्णु मेडिकल एजेंसी, महादेव मेडिकल एजेंसी कमला नेहरू नगर के लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। तीनों मेडिकल स्टोर ने स्वीकृत लोकेशन के बजाय अन्य जगह पर मेडिकल संचालित कर रहे थे। जबकि कमला नेहरू नगर स्थित हनुमान मेडिकोज के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यहां से प्रतिबंधित टर्माडोल की 100 गोलियां मिली थी।


