नर्मदापुरम जिले के सुपरली गांव के किसान योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने एक बार फिर अपनी कलाकारी का अनूठा नमूना पेश किया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर उनके स्वागत के लिए किसान ने 9 प्रकार के अनाजों का उपयोग कर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनाई है। इसके जरिए उन्होंने दुनिया को परमाणु खतरे और अनाज की सुरक्षा का संदेश दिया है। किसान योगेंद्र पाल ने तस्वीर बनाने के लिए जौ, धान, बाजरा, तिल, चावल, कनकी, राजगिरा और खसखस का प्रयोग किया है। उन्होंने भारत की कृषि प्रधान संस्कृति को दर्शाते हुए मेहमानों की अगवानी का यह विशेष तरीका चुना है। परमाणु शक्तियों से अनाज को बचाने की अपील
तस्वीर के साथ ही किसान ने अनाजों से एक पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने परमाणु शक्तियों से होने वाले दुष्परिणामों और अनाज के अस्तित्व पर मंडराते खतरे को दर्शाया है। उनका कहना है कि परमाणु हमलों से इंसान के साथ-साथ अनाज और जीव-जंतुओं का भी नुकसान होता है। उन्होंने श्रीमद् भागवत के तीसरे अध्याय के चौथे श्लोक का हवाला देते हुए अन्न की महत्ता बताई और अपील की कि परमाणु संपन्न देशों के मुखिया अनाज की सुरक्षा के लिए दुनिया का मार्गदर्शन करें। PMO और रूसी दूतावास को भेजेंगे तस्वीर
किसान ने बताया कि अनाज से बनाई गई इस कलाकृति की तस्वीर वे दिल्ली स्थित रूसी दूतावास और पीएमओ इंडिया (PMO) को ईमेल के माध्यम से भेजेंगे। पहले भी बना चुके हैं हस्तियों की तस्वीरें
किसान योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी पिछले कुछ वर्षों से देश-दुनिया की अनेक हस्तियों की अनाजों से तस्वीरें बना चुके हैं। उनका उद्देश्य भारत की कृषि प्रधानता को दिखाना और परमाणु खतरों से अन्न पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।


