रणदीप हुड्डा बोले-हरियाणा मेरी जन्मभूमि, मुंबई कर्मभूमि, एमपी सुकून भूमि:CM मोहन यादव ने चुनाव लड़ने का दिया ऑफर; कहा-हुड्डा जी अब मप्र के हुए

बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार के एक साल पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होने शुक्रवार को भोपाल में थे। राजधानी के रविन्द्र भवन में आयोजित विरासत महोत्सव में उन्होंने CM डॉ. मोहन यादव को डिजिटल गीता भेंट की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पीएस शिवशेखर शुक्ला भी मौजूद रहे। सीएम ने हुड्डा को दिया चुनाव लड़ने का ऑफर CM ने कहा- रणदीप हुड्डा को लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया था। उस समय उन्होंने कहा था कि राजनीति में आने से पहले फिल्मों में मुकाम हासिल करना है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा- जब भी आप राजनीति में आओगे आपका तब स्वागत है। हुड्डा बोले- एमपी मेरी सुकून भूमि
कार्यक्रम में एक्टर रणदीप हुड्डा ने कहा- मप्र में प्रकृति, संस्कृति और विकास का तालमेल चल रहा है। डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आज एक साल का कार्यकाल हो गया है। मैं हरियाणा से हूं। जहां श्री कृष्ण ने गीता का पाठ पढ़ाया और आज मैं मप्र में हूं, जहां पर उन्होंने अपने गुरुओं से वो पाठ सीखा। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। एक्टर रणदीप हुड्‌डा ने कहा- मैं हमेशा कहता हूं कि हरियाणा में मेरी जन्मभूमि है। मुंबई मेरी कर्म भूमि है और जब से मैं मप्र आने लग गया हूं, मप्र मेरी सुकून भूमि है। यहां की प्रकृति और पर्यटन और आगे बढ़ता रहे। मैं इसके साथ जुड़्ना चाहूंगा। मेरी सीएम साहब से बात हुई, यहां एक फिल्म सिटी और फिल्म इंस्टीट्यूट खोलना चाहिए ताकि यहां के लोगों को फिल्मों में आने का प्रोत्साहन मिले। देश से ही नहीं विदेशों से लोग यहां मप्र आकर फिल्म सिटी में शूटिंग करें और मप्र का प्रचार पूरे विश्व में हो। सीएम ने कहा- हुड्‌डा जी अब मप्र के हुए हैं
सीएम ने कहा- उनका हमारा डबल रिश्ता हुआ है। वो रिश्ता ये है कि हुड्डा जी अब अपने मप्र के भी हुए हैं। हरियाणा वो हरि की भूमि है, जहां से आपने अभिनय की अलख जगाते हुए मुंबई के चित्रपट संसार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सीएम ने कहा- आज हमारे बीच आए हुड्डा जी बता रहे थे कि वो अपने पापा से मजाक कर रहे थे। ये बात सही है कि उनको लोकसभा में भी ऑफर किया गया था कि आप चुनाव लड़ लो। लेकिन, उन्होंने कहा कि मुझे अभी राजनैतिक क्षेत्र के पहले फिल्मी दुनिया में अपना बड़ा मुकाम हासिल करना है। कोई बात नहीं, आपकी भावना है, जब आप आओगे तब आपका स्वागत। हमारा ये क्षेत्र इतना बढ़िया है कि 5 साल का बच्चा भी आए तो स्वागत और 85 साल का कोई व्यक्ति आए तो भी स्वागत है। मोदी जी 50 बाद चुनाव लड़े और सीधे सीएम बने
सीएम ने कहा- 50 साल तक मोदी जी कभी कोई चुनाव नहीं लडे़। अभी आप 48 साल के हो इसलिए मैं बोल रहा हूं। आजादी के बाद कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हैं जो पहला चुनाव लड़ा और सीधा मुख्यमंत्री बने। ये भी नरेन्द्र मोदी के नाम पर रिकॉर्ड है। मोदी जी दूसरा चुनाव लडे़ तो भी सीएम बने। तीसरे बार भी सीएम बने। और चौथी बार चुनाव लड़े तो वो भी रिकॉर्ड है। उत्तरप्रदेश में विरोधी विचारधारा की सरकार के बीच मोदी जी अपनी सरकार बनाने के लिए आगे बढ़ते हैं तो लोग उनको समझाते हैं कि ये जल्दबाजी हो जाएगी। पहले आप अपनी पार्टी को जिता दो बाद में उपचुनाव लड़ जाना, लेकिन उन्होंने खुद चुनाव लड़ा और दिल्ली की सरकार बनाकर दिखाई। CM ने शिवसेना और ममता बनर्जी की तुलना बिच्छू से की
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2014 में केंद्र में अपने बल पर बीजेपी सरकार बनने का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के समय सहयोगियों के साथ छोड़ देने की तुलना बिच्छू से की। सीएम ने कहा- बिच्छू की मादा बच्चों को जन्म देने के बाद उन्हें पीठ पर बैठा देती है। उसके पास बच्चों को पिलाने कोई दूध नहीं होता। बच्चों को पता नहीं होता क्या खाएं तो वो मां को ही खाते रहते हैं। एक दिन ऐसा आता है कि मां नही बचती और सभी बच्चे बिखर जाते हैं। सीएम ने कहा- हमारी पार्टी के साथ भी एक बार ऐसी घटना घटी थी। बिखर कर कोई ममता बना गया कोई जयललीता बना गया तो कोई शिवसेना बन गई। इसलिए मोदी जी ने 2014 में कहा था कि अपने बल बूते पर सरकार बनाएंगे। CM ने कहा कि आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड चंबल, पश्चिमी मध्य प्रदेश को दो नदी जोड़ो अभियान के रूप में बड़ी सौगातें मिलने वाली हैं। CM ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया
रविंद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में कई सांस्कृति प्रस्तुतियां भी हुई। सबसे पहले ‘स्वर की समता’ नृत्यनाटिका का मंचन हुआ। इस नृत्यनाटिका में मध्य प्रदेश की संस्कृति और सौंदर्य का प्रदर्शन किया गया। इसका निर्देशन जयलक्ष्मी ईश्वर ने किया। कार्यक्रम में ‘राम आएंगे तो अंगना सजाउंगी’ फेम सिंगर स्वाती मेहुल ने भी प्रस्तुति दी। CM ने प्रदेश की विरासत पर लिखी किताबों का विमोचन किया
विरासत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की विरासत पर आधारित 12 पुस्तकों का विमोचन किया। इसका प्रकाशन पुरातत्व विभाग द्वारा किया गया है। ये पुस्तकें प्रदेश के छतरपुर, जबलपुर, टीकमगढ़, खंडवा, सिवनी, निवाड़ी, अलीराजपुर, मुरैना , बैतूल, झाबुआ, मंडला और सतना जिलों की पुरातत्विक संपदा पर आधारित हैं। इसके अलावा स्वाधीनता संग्राम के इतिहास पर आधारित 5 पुस्तकों का विमोचन भी मुख्यमंत्री ने किया। ये किताबें बालाघाट, पन्ना, देवास, सीधी, सिंगरौली, छतरपुर और देवास जिलों पर आधारित हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *