नसीराबाद हाईवे पर 35 टन कपास से लदा ट्रक पलटा:बाइक सवार दंपती घायल; आरटीओ पर अवैध वसूली का आरोप, कर्मचारी फरार

नीमच सिटी थाना क्षेत्र में महू-नसीराबाद हाईवे पर मालखेड़ा फंटे के पास गुरुवार को सड़क हादसा हुआ। यहां 35 टन कपास से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार एक दंपती घायल हो गया, जिन्हें सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र पाटीदार ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। ट्रक चालक खियाराम जाट और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस हादसे के लिए आरटीओ विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरटीओ कर्मचारियों की कार्रवाई के कारण यह घटना हुई। चालक ने बताया कि वह हैदराबाद से नागौर जा रहा था। रास्ते में आरटीओ के तीन कर्मचारियों ने बिना बैरिकेड लगाए अचानक ट्रक को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान, ट्रक के आगे चल रहीं दो कारों और एक बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। उन्हें बचाने की कोशिश में चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ा दिया, जिससे वह बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक पलटने पर आरटीओ के कर्मचारी फरार हो गए घायल दंपती की पहचान देवरी खवासा निवासी प्रदीप उर्फ बंटी पाटीदार और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। वे एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने राजस्थान जा रहे थे। ट्रक पलटने के बाद आरटीओ के कर्मचारी अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनास्थल पर कुछ देर के लिए यातायात जाम हो गया। ट्रक ड्राइवर सियाराम ने आरटीओ कर्मचारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए ट्रक के केबिन में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो खिड़की तोड़कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कपास की बोरियों को हटवाकर क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाया। इस कार्रवाई के कारण जेतपुरा फंटे पर लंबा जाम लग गया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर में यातायात को सामान्य किया जा सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *