झाबुआ में तेज रफ्तार कार मकान में घुसी:ग्रामीणों ने बताया ड्राइवर नशे में था; कार से शराब और पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

झाबुआ जिले के नौगांवा गांव में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार बेकाबू कार एक मकान में जा घुसी, जिससे मकान का अगला हिस्सा ध्वस्त हुआ जिससे काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान मालिक का परिवार घर के पिछले कमरे में था, जिससे उनकी जान बच गई। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे हुई। ग्राम नौगांवा निवासी प्रवीण पिता खातूसिंह बंजारा का परिवार घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान मेघनगर से थांदला की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार (क्र. GJ 05 RW 4846) बेकाबू होकर मकान में घुस गई। कार के अंदर से शराब की बोतलें और पटाखे मिले ग्रामीणों के अनुसार, कार की गति इतनी तेज थी कि वह सड़क छोड़कर रास्ते में खड़े एक छोटे बबूल के पेड़ को तोड़ती हुई आगे बढ़ी और सीधे प्रवीण बंजारा के घर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर के बाहर खड़ी मकान मालिक की मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मकान का अगला हिस्सा ढह गया। घर के अंदर रखा कई घरेलू सामान भी टूट-फूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने बताया कि कार चालक अत्यधिक शराब के नशे में था। कार के अंदर से शराब की बोतलें और पटाखे भी मिले हैं। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। थांदला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को अपनी हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *