अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों को लेकर डूंगरपुर में बैठक हुई। इस दौरान मनरेगा श्रमिकों और किसानों की मांगों को लेकर कलेक्ट्री पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को 10 दिसंबर से महापड़ाव में बदलने का भी निर्णय लिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष व विधायक गणेश घोघरा ने की। इसमें दिल्ली महारैली में डूंगरपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि मनरेगा श्रमिकों को रोजगार देने, उनके बकाया भुगतान करने तथा किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देने की मांग को लेकर चल रहा धरना अब 10 दिसंबर से महापड़ाव का रूप लेगा। विधायक घोघरा ने चेतावनी दी कि यदि 9 दिसंबर तक मांगें पूरी नहीं की गईं, तो 10 दिसंबर से महापड़ाव के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी गाइडलाइन के विपरीत काम करने वालों और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अनर्गल बयानबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धरातल पर काम करने और जनता के मुद्दों पर सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। इस अवसर पर गणेश घोघरा ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि कांग्रेस ने देश के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें जनता के सामने लाना आवश्यक है।


