इंदौर के खजराना क्षेत्र में बुधवार शाम गोदाम में आग लगने की घटना के बाद गुरुवार सुबह प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। निजी कृषि भूमि पर कई व्यवसायियों द्वारा अवैध रूप से टीन शेड बनाकर कारोबार चलाया जा रहा था। प्रशासनिक निरीक्षण में यहां ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ भी मिले, जिन्हें नष्ट किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि यहां मौजूद सभी दुकानें अवैध थीं और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। आग के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम प्रदीप सोनी ने कहा कि घटना के बाद तत्काल इलाके को सील कर दिया गया था। रहवासी क्षेत्र के बीच निजी कृषि भूमि पर 18 से 20 टीन शेड अवैध रूप से निर्माण कर उपयोग किए जा रहे थे। ज्वलनशील रसायन मिले बुधवार रात पायरो उत्पाद बनाने वाले शेड में आग लगी थी। निरीक्षण में कई स्थानों पर अत्यंत ज्वलनशील रसायन मिले, जिनका संभावित उपयोग पायरो निर्माण में किया जाता था। प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, इंडस्ट्रियल हेल्थ और प्रदूषण विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। जब्त सामग्री के भंडारण के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। लैंड यूज परिवर्तन नहीं कराया सोनी ने बताया कि भूमि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह भूमि सलीम पिता अनार के नाम दर्ज है। बिना लैंड यूज परिवर्तन और बिल्डिंग परमिशन लिए स्ट्रक्चर खड़े किए जाने पर सलीम के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। नोटिस जारी कर उनसे पूछताछ भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और खतरनाक सामग्री रखने पर शहर में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


