रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा देने के लिए बीकानेर–मिरज–बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20475/20476) में पुराने आईसीएफ कोचों के स्थान पर मॉडर्न एलएचबी रैक लगाने की घोषणा की है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, यह बदलाव 8 दिसंबर से बीकानेर की ओर से और 9 दिसंबर से मिरज से शुरू होगा। नई व्यवस्था में ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें 2 सेकेंड एसी, 5 थ्री-टियर एसी, 7 स्लीपर, 4 जनरल कोच तथा 2 लगेज/जनरेटर/ब्रेक वैन शामिल हैं। इस पुनर्गठन से एसी और स्लीपर वर्ग की क्षमता बढ़ेगी और सामान्य श्रेणी के यात्रियों को भी बेहतर कोच उपलब्ध होंगे। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि एलएचबी कोच पारंपरिक कोचों की तुलना में कई मायनों में श्रेष्ठ हैं। इनकी विशेष डिजाइन के कारण तेज रफ्तार पर भी झटके कम लगते हैं, स्थिरता बेहतर रहती है और दुर्घटना की स्थिति में कम नुकसान की संभावना होती है। यह बदलाव यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण यात्रा एक्सपीरियंस देगा।


