संभागीय आयुक्त ने किया रोडवेज कार्यालय का निरीक्षण:29 में से 11 अधिकारी कर्मचारी मिले अनुपस्थित, कारण बताओ नोटिस जारी

संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने गुरुवार को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के जोधपुर आगार स्थित मुख्य प्रबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका देखी गई तो 29 में से 11 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर डॉ. सिंह ने सभी अनुपस्थित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मुख्य प्रबंधक, प्रबंधक (प्रशासन) और प्रबंधक (वित्त) को 3 दिसंबर को जयपुर में विभागीय बैठक में जाना बताया गया था, लेकिन निरीक्षण के वक्त तीनों अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। आयुक्त ने बस संचालन, यात्रियों की सुविधाओं और परिसर की स्वच्छता को लेकर भी जानकारी ली। बस स्टैंड के भीतर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन बाहरी प्लेटफार्म क्षेत्र में गंदगी देखी गई। इस पर मौके पर मौजूद अधिकारी विशाल सांखला को तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।डॉ. सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *