एसपी ने बाइक रैली और जागरूकता रथ को झंडी दिखाई:आगर पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया; हादसों की जानकारी की साझा

आगर मालवा में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष यातायात प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने एसपी कार्यालय से एक यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में 50 बाइक पर 100 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनकर शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके साथ ही एक जागरूकता रथ भी रवाना किया गया, जिसमें एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हेलमेट, सीटबेल्ट और तेज गति से वाहन चलाने से संबंधित जागरूकता वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। यह रथ आगामी दिनों में पूरे जिले में भ्रमण करेगा। इस मौके पर एसपी सिंह ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 240 सड़क दुर्घटनाओं में 115 लोगों की मौत हुई और 308 लोग घायल हुए। यह आंकड़े यातायात नियमों की अनदेखी की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं। एसपी ने दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर’ के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। इन योजनाओं की दी जानकारी इस अभियान के तहत नागरिकों को केशलैस ट्रीटमेंट योजना और ‘राह-वीर’ (गुड सेमेरिटन) योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। ‘राह-वीर’ योजना के अंतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25,000 रुपए का पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। जिले के स्कूलों और कॉलेजों में भी यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत अब तक बिना हेलमेट के 256, तेज गति से वाहन चलाने पर 22, बिना फिटनेस के 11 और बिना एचएसआरपी (HSRP) के 215 चालान किए गए हैं। इन चालानों से कुल 2,41,000 रुपए का समन शुल्क वसूला गया है। एसपी ने जिले के निवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *