राजगढ़ में जीएम का भोपाल-रामगंजमंडी रेल लाइन कार्य का निरीक्षण:20 वर्ष से लंबित परियोजना 2026 तक पूरी करने का आश्वासन

पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) शोभना बंदोपाध्याय ने गुरुवार को राजगढ़ का दौरा किया। उन्होंने जिले की बहुप्रतीक्षित भोपाल-रामगंजमंडी रेल लाइन के निर्माण कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। सड़क मार्ग से राजगढ़ पहुंचीं जीएम ने निर्माण विभाग की टीम और डिप्टी चीफ इंजीनियर मोहम्मद वसीम के साथ नवीन स्टेशन का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, साइडिंग और अन्य चल रहे कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। ठेकेदारों और इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि काम में गुणवत्ता या सुरक्षा से कोई समझौता न हो और निर्माण तय समय सीमा में पूरा किया जाए। इसके बाद जीएम ने नेवज नदी पर बन रहे रेलवे ब्रिज का निरीक्षण किया। यह इस रूट का सबसे बड़ा स्ट्रक्चर है, जिसका लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने टीम के साथ निर्माण की बारीकियों का अवलोकन किया और शेष कार्य को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए। मौके पर पौधारोपण कर उन्होंने पर्यावरणीय संतुलन और सुरक्षित निर्माण का संदेश भी दिया। 276 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन में राजस्थान के हिस्से का काम पूरा हो चुका है। हालांकि, मध्य प्रदेश में खिलचीपुर-नयागांव तक ट्रैक तैयार होने के बावजूद ट्रेन संचालन अभी शुरू नहीं हो पाया है। राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़ और कुरावर सेक्शन में निर्माण कार्य जारी है। यह परियोजना पिछले 20 वर्षों से लंबित है और इसकी लागत बढ़कर 3350 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। लगातार समय-सीमा बढ़ने के बाद अब यह लाइन प्रधानमंत्री के फास्टट्रैक प्रोजेक्ट में शामिल है। उच्च स्तरीय निगरानी के कारण रेलवे अधिकारी अब हर सेक्शन पर नियमित रूप से नजर रख रहे हैं। जीएम बंदोपाध्याय ने स्पष्ट रूप से कहा कि “यह लाइन 2026 तक हर हाल में पूरी कर ली जाएगी।” उनके इस आश्वासन से क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी प्रतीक्षा अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *