बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने गुरुवार को आमला से चार कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया है। इन नेताओं पर साल 2021 में हुए एक आंदोलन के दौरान बलवा करने, रास्ता रोकने और पुतला दहन (आगजनी) करने का आरोप है। उस समय कांग्रेस नेताओं ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाया था। इस मामले में जेएमएफसी कोर्ट बैतूल ने कुल 13 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए थे, क्योंकि वे अदालत में पेश नहीं हो रहे थे। पुलिस ने इन नेताओं के खिलाफ धारा 147 (बलवा), 341 (रास्ता रोकना) और 285 (आगजनी) के तहत अपराध दर्ज किया था और चालान भी कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया था। अदालत में अनुपस्थित रहने और जमानत न कराने के कारण कोर्ट ने सभी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। इस मामले में दो नेता पहले से बंद हैं
सारणी टीआई जयपाल इवानाती ने बताया कि सारणी पुलिस ने आमला पुलिस की मदद से इलियास खान, वसीम, बटेश्वर भारती और विजय उपराले को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में सारणी नगरपालिका के नेता प्रतिपक्ष पिंटिश नागले और विजय उपराले पहले से ही जेल में हैं। पिंटिश नागले को दो दिन पहले एक धरने के दौरान गिरफ्तार किया गया था और उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है। वहीं, विजय उपराले का आज जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें भी जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कुल 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिनमें इलियास खान, किशोर चौहान, नरेंद्र वाडिवा, भूषण कांति, शमशेर आलम, पिंटिश नागले, बटेश्वर भारती, सीएम बेले, विजय उपराले, वसीम, भगवान जावरे, भोला कांति और राफे बक्स शामिल हैं।


