सिवनी में बच्चों से लगवाए ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे:प्रभारी प्राचार्य सस्पेंड, संस्कृति मंच अध्यक्ष बोले- तुरंत बर्खास्त कर बैकग्राउंड खंगाला जाए

सिवनी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरी में योग कार्यक्रम के दौरान बच्चों से धार्मिक नारे लगवाने के आरोप में प्रभारी प्राचार्य प्रतीक्षा मानगढ़े को जिला शिक्षा अधिकारी ने पद से हटाकर डीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। यह कार्रवाई विद्यार्थियों व अभिभावकों के विरोध और विश्व हिंदू परिषद द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई, जिसके आधार पर पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित किया गया है। मामले में आज हिंदू उत्सव समिति व संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है कहा कि तत्काल प्राचार्य को बर्खास्त करना चाहिए और उनके पृष्ठभूमि की जांच होनी चाहिए। कहीं ऐसा तो नहीं यह भी किसी धर्म विशेष से जुड़ी हुई हो या कट्टरवादिता से जुड़कर शिक्षा के मंदिर को भी दूषित करने का प्रयास कर रहे हो। प्रशासन से मांग है कि इनको शीघ्र बर्खास्त करके और उनकी ऊपर आपराधिक पराक्रम दर्ज करना चाहिए। सिवनी के अरी स्कूल में यह विवाद 1 दिसंबर को गीता जयंती समारोह के बाद हुए योग कार्यक्रम के दौरान सामने आया। विद्यार्थियों और उनके परिजनों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य प्रतीक्षा मानगढ़े ने योगाभ्यास के समय बच्चों से ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगवाए। घर लौटकर बच्चों ने यह बात परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला गंभीर होता चला गया। जिसके बाद 3 दिसंबर को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने स्कूल गेट के सामने प्रदर्शन किया और प्रभारी प्राचार्य को तत्काल हटाने व निलंबित करने की मांग की। सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी एसएस कुमरे मौके पर पहुंचे। विरोध को शांत करने के लिए उन्होंने प्रभारी प्राचार्य प्रतीक्षा मानगढ़े को तत्काल अरी हायर सेकेंडरी स्कूल से हटाकर डीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया। डीईओ ने स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक उमाशि धर्मेंद्र कुमार पटले को अगले आदेश तक नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया। कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो आरोपों की जांच करेगी। यह समिति विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्य एकत्र कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी। उधर, प्रभारी प्राचार्य प्रतीक्षा मानगढ़े ने शिक्षा विभाग को बताया कि उन्होंने योगाभ्यास के दौरान सर्वधर्म सद्भाव के उद्देश्‍य से सभी बच्चों को स्वेच्छा से नारे लगाने को कहा था और उनका इरादा किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था। जांच दल में शामिल अधिकारी डीईओ कार्यालय के सहायक संचालक आरपी पाटिल, शाउमावि मठ प्राचार्य आभा सिंह, महात्मा गांधी शासकीय हाई स्कूल प्राचार्य रश्मि गौर और गोपालगंज हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य हेमंत मरावी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही प्रभारी प्राचार्य पर आगे क्या कार्रवाई होगी, यह स्पष्ट हो पाएगा। इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सिवनी के जिला संयोजक सूजल मिश्रा ने कहा कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल की प्रभारी प्राचार्य ने स्कूल में अल्ला हू अकबर के नारे लगवाए, जिसकी जानकारी मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता ने प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग की और निलंबन करवाया। साथ ही जांच करने की मांग भी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *