भास्कर न्यूज | अंबिकापुर कोरिया-सूरजपुर जिले के सीमा पर ग्राम डुमरिया में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की भूमि पर कब्जा कर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। नदी किनारे हल्का नंबर 18 में स्थित खसरा नंबर 3834/2, रकबा 0.09 हेक्टेयर भूमि, जो कि सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के नाम दर्ज है, उस पर गांव के कुछ लोग आठ दुकानों का निर्माण करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्माण पूरी तरह गलत है, फिर भी इसे रोका नहीं जा रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच की भूमि पर हो रहे कब्जे की शिकायत तहसील न्यायालय में की थी। शिकायत पर तहसीलदार ने बेदखली का आदेश जारी कर तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया और ना ही निर्माण कार्य रुका। ऐसा भी बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति ने जमीन पर कब्जा किया हुआ है, वह ड्राइवरी का काम करता है और तहसीलदार का भी प्राइवेट ड्राइवर रह चुका है। तहसीलदार जायसवाल ने कहा कि बेदखली का आदेश दिया था, लेकिन मामला हाईकोर्ट में जाने की जानकारी मिलने पर आगे कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण अब भी जारी है तो वे मामले की जांच कर सख्त कदम उठाएंगे। बेदखली का आदेश, हाई कोर्ट में मामला: तहसीलदार


