बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार सरपंच पति ने मांगी माफी

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ ग्राम पंचायत बिछिया टोला में 29 नवंबर को आयोजित ग्राम सभा के दौरान एसआईआर कार्य में लगी बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुष्मिता तिवारी से सरपंच पति दीप नारायण द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। बाल विवाह मुक्त शपथ कार्यक्रम को लेकर सुष्मिता तिवारी सरपंच सोनकुंवर से औपचारिक चर्चा कर रही थीं, तभी सरपंच पति ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए न केवल सभा की प्रक्रिया में बाधा डाली, बल्कि दुर्व्यवहार कर सभा की गरिमा भी भंग कर दी। इससे पहले भी एसआईआर पंचनामा कार्य के दौरान सरपंच सोनकुंवर को हस्ताक्षर करने से रोकने की शिकायत सामने आ चुकी थी। मामले में केल्हारी तहसीलदार सतरूपा साहू ने हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट किया था कि एसआईआर प्रक्रिया में सरपंच के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं और शासकीय काम में कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से बाधा नहीं डाल सकता। बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से दुर्व्यवहार के बाद दीप नारायण ने अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर एसडीएम इंद्रा मिश्रा के समक्ष मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी। एसडीएम ने माफी स्वीकार करते हुए चेतावनी दी कि शासकीय कार्य में अवरोध, दुर्व्यवहार या दबाव डालने जैसी घटनाओं को गंभीर अपराध माना जाता है और भविष्य में दोहराव की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *