भास्कर न्यूज | बालोद जिलेभर में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र से जगन्नाथपुर के लोगों से ठगी मामले में बालोद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान 2022 से बंद कमरे में तंत्र-मंत्र संबंधित सामान मिला है। हालांकि गड़ा धन दिलाकर करोड़पति बनाने के नाम से ठगी करने वाले जीजा, साला अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि आरोपियों की तलाश कर रहें है। जल्द गिरफ्तारी होगी। ऐसी उम्मीद है। वसीम खान निवासी धूरपुर, इलाहाबाद और जगन्नाथपुर निवासी साला अकबर खान दोनों की तलाश के लिए टीम लगी है। बालोद पुलिस के अनुसार अकबर के घर जाकर उनकी पत्नी से पूछताछ की गई। उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। जांच अधिकारी सूरज साहू ने परिजनों से अकबर का आधार कार्ड प्रतिलिपि और अन्य आवश्यक जानकारी हासिल किया। पुलिस ने जुलाई 2022 में जिस घर में पहली बार इस तरह से तंत्र-मंत्र करके गड़ा धन दिलाने के नाम से ठगी की गई उस बंद मकान को खुलवाकर जांच की तो देखा गया कि एक कमरे में तंत्र मंत्र का सामान बिखरा पड़ा है। गड्ढा खोदा गया है। जिस पर नारियल गड़ा कर मिट्टी से उसे ढंक दिया गया है। मकान मालिक यशवंत डोंगरे ने बताया कि 2022 जुलाई में जब अकबर के जीजा वसीम खान और उनकी पत्नी अकबरी बेगम आए थे, तब पड़ोसी अकबर के कहने पर बेटे राजेश डोंगरे ने उन्हें रहने के लिए घर को दिया था। बेटे को ही उन लोगों ने ठगी का शिकार बना दिया। हमारे इस घर में तंत्र-मंत्र किया गया है, इसकी जानकारी एफआईआर दर्ज होने के बाद हुई।


