भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर में बुधवार को भारतीय भाषा उत्सव 2025 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य सुनील कुमार ने की। आयोजन प्रभारी शालिक राम तिवारी ने बताया कि उत्सव के तहत 11 दिसंबर तक विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां होंगी। उत्सव में कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्राथमिक एवं माध्यमिक दो वर्गों में आयोजित होने वाली गतिविधियों में भाषाई वृक्ष, काव्य पाठ, इंटरैक्टिव मानचित्र, कुकबुक संकलन, भाषा आधारित फिल्म स्क्रीनिंग शामिल है। साथ ही राष्ट्रीय एकता की कहानी, भाषा मेला, लघु नाटिका, द्विभाषी काव्य पाठ, कार्यशाला, पारंपरिक पोशाक प्रदर्शन, गीत एवं नृत्य होगा। उत्सव के प्रथम दिवस माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के उद्भव एवं विकास पर आधारित फिल्म दिखाई गई। प्राचार्य सुनील कुमार ने कहा कि भारतीय भाषा उत्सव का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की भाषाओं के माध्यम से एकता के भाव को सशक्त करना है। विद्यार्थी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से इस एकता को और मजबूत करें। इस वर्ष भारतीय भाषा उत्सव का विषय, भाषाएं अनेक, भाव एक निर्धारित किया गया है।


