भास्कर न्यूज | कवर्धा घोठिया रोड स्थित एनटीईएक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ऑफिस के शटर के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसा और लॉकर का ताला तोड़कर 6,07588 रुपए कैश चोरी कर लिए। चोर मौके से डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। ताकि सीसी कैमरे में फुटेज न मिल सके। कंपनी के कर्मचारियों की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना कवर्धा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी गोपी चंद्रवंशी कंपनी में सुपरवाइजर है। उसने पुलिस को बताया कि कंपनी की कुल 6,07588 रुपए कलेक्शन राशि लॉकर में सुरक्षित रखी गई थी। लॉकर की चाबी कैशियर गणेश साहू के पास रहती है। रात में ऑफिस बंद कर चाबी शटर ऑपरेटर महेश साहू को देते हुए इसे कैशियर गणेश साहू को देने कहा था। कंपनी में 33 कर्मचारी हैं अंदरूनी एंगल से भी जांच एनटीईएक्स कवर्धा ब्रांच में 28 डिलीवरी बॉय और 5 अन्य स्टाफ समेत कुल 33 कर्मचारी कार्यरत हैं। कैश, लॉकर और ऑफिस संचालन से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। मामले में पुलिस के सामने कई बड़े सवाल हैं। लॉकर की चाबी सिर्फ दो कर्मियों के पास, चोरी से पहले कौन आखिरी बार चाबी लेकर गया? कैमरे व डीवीआर को क्यों निशाना बनाया? चोरी ठीक उसी दिन क्यों, जब दो दिन का बड़ा कलेक्शन लॉकर में था?


