270 क्विंटल अवैध धान के साथ दो ट्रक और दो पिकअप किए गए जब्त

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले की पुलिस ने मंगलवार की रात को दो ट्रक और दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जिसमें धान भरा था। पुलिस ने कुल 270 क्विंटल धान जब्त कर प्रशासन को सौंपा है। इसकी कीमत 6 लाख 21 हजार रुपए है। धान खरीदी के इस सीजन में दूसरे राज्यों से धान की अवैध आवक लगातार हो रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलवार की रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध ट्रक धान लेकर छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। इस पर थाना लोदाम पुलिस ने मंडी बैरियर और दुलदुला पुलिस ने लोरो बगीचा एनएच 43 पर नाकेबंदी कर दो ट्रक धान पकड़ा है। ट्रक चालक बिलासपुर निवासी चंद कुमार (30) और पतराटोली रांची निवासी महतीज (35) को हिरासत में रखा गया है। इसी तरह तपकरा और थाना जशपुर पुलिस ने ग्रामीण मार्गों से धान लाने की कोशिश कर रहे दो पिकअप को भी पकड़ा। ओडिशा से आ रही एक पिकअप से 65 बोरी और दूसरे से 60 बोरी धान जब्त हुआ है। हाथीबेड़ निवासी चालक ओमप्रकाश चौहान (25 ) और मनोरा निवासी गोविंद राम (25 ) पकड़े गए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि सरहदी राज्यों से अवैध धान लाकर खपाने की कोशिश कर रहे धान कोचियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। इसी अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सरहदी क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई है, साथ ही पुलिस लगातार रात्रि गश्त भी कर रही है। जब्त धान को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *