सड़क हादसे में महिला की मौत, पति और पुत्र घायल

नेशनल हाइवे-52 पर बंजारी गांव के समीप बुधवार देर शाम डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति व पुत्र घायल हो गए। एंबुलेंस से तीनों को जिला एसआरजी अस्पताल लाया गया। यहां युवक को भर्ती कर मां-बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया था। रात को महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह झालरापाटन पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। एएसआई दुर्गालाल ने बताया कि देवलखेड़ा गांव निवासी मोहनलाल भील पत्नी नर्मदा बाई और पुत्र लखन के साथ बुधवार देर शाम को अकलेरा की तरफ से घर लौट रहे थे। बंजारी गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। डंपर चालक फरार हो गया। घटना में तीनों घायल हो गए। एसआरजी हॉस्पिटल से रात करीब 10 बजे नर्मदा और लखन को छुट्टी दे दी। वहीं, मोहनलाल के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अस्पताल से छुट्टी के बाद नर्मदा पुत्र लखन को लेकर पीहर डोंडा गांव चली गईं। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोबारा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां राता देवी दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा अस्पताल में भर्ती घायल मोहनलाल ने बताया कि वह बुधवार दोपहर को अपने परिवार पत्नी व बेटे के साथ असनावर क्षेत्र स्थित रातादेवी माता के दर्शन करने गया था। देर शाम को गांव देवलखेड़ा लौट रहा था, तभी हाईवे पर एक डंपर ने टक्कर मार दी। जिले में 11 महीने में 27 सड़क हादसों में 11 मौतें जिले में सड़क हादसे आए दिन हो रहे हैं। इस साल 2025 में 11 महीने में 27 सड़क हादसे हुए, इसमें 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 जने घायल हुए हैं। पिछले दो सालों के आकड़ों पर नजर डाले तो 2025 के सड़क हादसे पिछले दो साल से कम हैं। 2024 की बात करे तो 11 महीने में 38 हादसे हुए, इसमें 20 जनों की मौत हुई और 41 जने घायल हुए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *