रांची| नकली व प्रतिबंधित दवाओं की रोकथाम के लिए अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश जारी किया है। जारी निर्देश में कहा गया है कि औषधि निरीक्षक व जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर 5 दिसंबर को राज्य भर में एक विशेष अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान दवा दुकानों, थोक विक्रेताओं की भौतिक जांच की जाए। जांच में स्टॉक, पंजी, क्रय व विक्र का भी मिलान किया जाए। अगर किसी भी प्रतिष्ठान में अनियमितता पाई जाती है तो उसपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। कार्रवाई की रिपोर्ट सीआईडी को 7 दिसंबर तक सभी जिलों को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है। 12 दिसंबर को इस मामले में हाईकोर्ट में दाखिल पीआईएल की सुनवाई के पूर्व शपथ पत्र दायर करना है। इसे देखते हुए सीआईडी की ओर से सभी जिलों को उक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।


