बिलासपुर| गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रसून सोनी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने प्रेरणादायी पहल में सहभागिता निभाई है। स्वयंसेवक रोहन मरकंडे, रोहन राज, युवराज बोस, पियूष रंजन, आरती कुमारी, डिंपल सिन्हा, सुप्रिया पटेल, कैलविना मानिकपुरी, साक्षी बघेल और मयंक ठाकुर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मस्थान करमसद से लेकर विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक आयोजित 152 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय पदयात्रा में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा राष्ट्रीय एकता, समर्पण और राष्ट्र चेतना का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों ने अन्य राज्यों के प्रतिभागियों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान कर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को गौरवपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।


